Home छत्तीसगढ़ बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी – कलेक्टर,,कलेक्टर ...

बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी – कलेक्टर,,कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण 

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी – कलेक्टर

 

कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

 

*अस्पताल में साफ-सफाई, समय पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश*

 

मुंगेली, 05 सितंबर 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने शनिवार को जिला चिकित्सालय मुंगेली का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवा वितरण, मरीजों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय जिले की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसलिए अस्पताल में मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कलेक्टर श्री तोपनो ने ओपीडी पहुंचकर विभिन्न चिकित्सकों के कक्षों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने जिला अस्पताल में उपलब्ध सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, सेंट्रल ड्रग स्टोर, आपातकालीन यूनिट, डायलिसिस सेवा, आईसीयू, लैब एवं ब्लड बैंक का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन सेवाओं के संचालन, उपलब्ध संसाधनों एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां आसानी से एवं समय पर उपलब्ध होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तोपनो ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने वार्डों, कक्षों, गलियारों एवं आसपास के परिसर में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कलेक्टर श्री तोपनो ने जिला चिकित्सालय के बाद 100 बिस्तर

मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ओपीडी, लेबर रूम, एसएनसीयू, पीडियाट्रिक वार्ड, एनआरसी एवं ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी हुई हैं, इसलिए अस्पताल में पदस्थ सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने तथा ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए, ताकि अस्पताल परिसर की सुरक्षा एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि भवन एवं कक्षों में सीपेज जैसी समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाना आवश्यक है।

कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में गायों के प्रवेश की स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित गार्ड को नोटिस देने के निर्देश दिए और अस्पताल परिसर की सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल के सफल संचालन एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम  अजय शतरंज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रभारी सिविल सर्जन जिला अस्पताल डॉ. शीला साहा, डीपीएम  गिरीश कुर्रे, बीएमओ डॉ. कमलेश खैरवार, आरएमओ डॉ. संदीप कुमार पाटिल, चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।