Home छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में 34 प्रकरणों...

महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में 34 प्रकरणों पर सुनवाई, 08 प्रकरण नस्तीबद्ध  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में 34 प्रकरणों पर सुनवाई, 08 प्रकरण नस्तीबद्ध

 

 

 

 

 

रायपुर, 08 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में आज आयोग कार्यालय रायपुर में महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई आयोजित की गई। प्रदेश स्तर पर यह आयोग की पांचवीं तथा रायपुर जिले में चौथी जनसुनवाई थी। सुनवाई हेतु कुल 34 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें 23 प्रकरणों की सुनवाई की गई तथा 08 प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों में आवेदिकाओं की शिकायतों एवं संबंधित पक्षों के कथनों को विस्तारपूर्वक सुना गया। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण एवं जान से मारने की धमकी से संबंधित प्रकरण में आयोग द्वारा संबंधित थाना को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पति द्वारा मानसिक प्रताड़ना, दूसरी महिला के साथ रहने तथा पत्नी एवं पुत्री को भरण-पोषण नहीं दिए जाने के प्रकरण में आवेदिका को न्यायालय के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने की सलाह दी गई। प्रकरण के समुचित निराकरण तक इसकी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में अनावेदक की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। भरण-पोषण से संबंधित प्रकरण में पुलिस अधीक्षक रायपुर को प्रकरण की जांच कर प्रतिवेदन आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

पारिवारिक विवाद से संबंधित प्रकरण में दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत विवाद की स्थिति को देखते हुए पृथक-पृथक किराये के आवास में रहने के निर्देश दिए गए। वहीं सामाजिक बहिष्कार से संबंधित प्रकरण में अनावेदकगणों को आवेदिकागणों को पुनः समाज में शामिल करने तथा अनुचित रूप से लगाए गए दंड को हटाने के निर्देश दिए गए।

आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रकरणों में संबंधित विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों के त्वरित एवं समुचित निराकरण के निर्देश दिए।