Home छत्तीसगढ़ सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर में गूंजा स्वच्छता का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर में गूंजा स्वच्छता का संदेश

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर में गूंजा स्वच्छता का संदेश

 

 

 

 

 

जगदलपुर से भानपुरी तक जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और सुरक्षा बलों ने थामा झाड़ू, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों पर हुआ वृहद श्रमदान

रायपुर, 23 सितम्बर 2026

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बस्तर जिले में बुधवार को व्यापक स्वच्छता एवं जनभागीदारी अभियान चलाया गया। रिमझिम बारिश के बीच जगदलपुर के नया बस स्टैंड से लेकर भानपुरी के नदी घाट और जलस्रोतों तक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले, स्वच्छाग्रहियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सुरक्षा बलों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं वाहिनी ने सेड़वा क्षेत्र में विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के प्रति जागरूक किया।

 

*नया बस स्टैंड में सांसद और महापौर ने थामा झाड़ू*

जगदलपुर के नया बस स्टैंड परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप और महापौर श्री संजय पाण्डे की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छाग्रहियों ने सक्रिय सहभागिता की। रिमझिम बारिश के बावजूद अभियान में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने झाड़ू थामकर परिसर की साफ-सफाई की और कचरा एकत्र कर नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन का संस्कार बनाया जाना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महापौर श्री संजय पाण्डे ने नगरवासियों से अपील की कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और स्वच्छता ही सेवा के संकल्प को साकार करें।

*भानपुरी में जलस्रोतों की सफाई के लिए ग्रामीणों ने किया श्रमदान*

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुरी में ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ एक दिवसीय वृहद स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों ने मिलकर तालाब घाट एवं आसपास के प्रमुख जलस्रोतों की सघन सफाई की। नदी घाटों और जलस्रोतों के आसपास फैले कचरे, अनुपयोगी प्लास्टिक और खरपतवार को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष श्री संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य श्री निर्देश दीवान, विकास विस्तार अधिकारी श्री चंद्रशेखर जैन, स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक श्री विशाल दीवान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के क्षेत्रीय समन्वयक श्री पुरुषोत्तम दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत भानपुरी के सरपंच श्री गणेश कश्यप, उप सरपंच श्री गंगूराम कश्यप, स्व-सहायता समूहों की दीदियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी श्रमदान किया।

*सेड़वा में सुरक्षा बलों ने दिया स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश*

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं वाहिनी द्वारा सेड़वा क्षेत्र में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। 17 और 18 सितम्बर को ‘स्वच्छ पाठशाला, युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय सेड़वा में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों और जवानों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी श्रमदान कर सहभागिता निभाई।

इसके बाद 19 से 22 सितम्बर तक ‘स्वच्छता लक्ष्य इकाई’ एवं ‘स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ अभियान के अंतर्गत सेड़वा क्षेत्र के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया। जवानों ने सार्वजनिक स्थलों से कचरा और गंदगी हटाई तथा स्थानीय लोगों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

*स्वच्छता के लिए निरंतर जनभागीदारी जरूरी*

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सुरक्षा बलों ने स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री हरविंदर सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी श्री संजय कुमार, उप कमांडेंट श्री निरंजन कुमार निराला एवं उप कमांडेंट श्री प्रमोद कुमार मीणा सहित वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता की।