Home छत्तीसगढ़ दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम...

दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित  

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर : दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

 

 

 

 

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026

 

कृषि महाविद्यालय, रायपुर में दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वच्छता, श्रमदान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. आर. पी. कुजूर, शैक्षणिक प्रभारी, कृषि महाविद्यालय, रायपुर द्वारा महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर गांधी जी के विचारों एवं उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संदेश दिया गया। तत्पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी, छात्रा इकाई, कृषि महाविद्यालय, रायपुर, डॉ. पायल जायसवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, विभिन्न गतिविधियों एवं स्वयंसेवकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात डॉ. आर. के. ठाकुर, खेल प्रभारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी, छात्र इकाई ने विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। डॉ. एस. के. नाग, विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रभारी ने महाविद्यालय स्तर पर आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों तथा अंतर-विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिताओं के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अगले चरण में कृषि महाविद्यालय परिसर से विश्वविद्यालय की आवासीय कॉलोनी तक लगभग 250 विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” सहित विभिन्न स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से स्वच्छता एवं जागरूकता का संदेश दिया।

दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टैलेंट हंट एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. प्रवीण वर्मा, सांस्कृतिक प्रभारी, कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी प्रतिभाओं एवं सांस्कृतिक रुचियों की जानकारी ली तथा उन्हें महाविद्यालय की विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉक्टर गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर एवं डॉ. आरती गुहे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, रायपुर ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को गांधी जी के स्वच्छता, अनुशासन, सत्य एवं सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता, सामाजिक सेवा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह आयोजन नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रमीय एवं सामाजिक गतिविधियों से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।