गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : रेडक्रॉस सोसायटी में सदस्य संख्या बढ़ाने, स्वास्थ्य जागरूकता शिविर और रक्तदान-अंगदान के प्रचार-प्रसार पर दिया गया विशेष जोर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 29 अक्टूबर 2026
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा जीपीएम की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यालय संचालन के लिए उपयुक्त भवन चिन्हित करने पर चर्चा की गई। रक्तदान एवं अंगदान के महत्व तथा रेडक्रॉस की सेवाभावी गतिविधियों से आमजन को अवगत कराने के लिए शासकीय आयोजनों में रेडक्रॉस के बैनर तले नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता का विस्तार करने के लिए रेडक्रॉस मोबाइल मेडिकल यूनिट एवं एम्बुलेंस के माध्यम से प्रतिमाह स्वास्थ्य जनजागरूकता शिविर आयोजित करने पर चर्चा हुई। साथ ही आजीवन संरक्षक सदस्यों एवं प्रमुख दानदाताओं की फोटोयुक्त नामावली प्रदर्शित करने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान वयोवृद्ध सदस्य श्री सत्यप्रकाश फरमानिया ने अंगदान का संकल्प फॉर्म प्रस्तुत कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा समिति के सदस्य श्री संजय गुप्ता, श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल, इमरान सिद्दीकी सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।



