Home क्षेत्रीय खबरें / अन्य खबरें VIDEO: बीच सड़क पर स्नैचर से भिड़ीं मां-बेटी, झपटमार का हौसला पस्त

VIDEO: बीच सड़क पर स्नैचर से भिड़ीं मां-बेटी, झपटमार का हौसला पस्त

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

दिल्ली के नांगलोई में मां-बेटी की बहादुरी ने एक चेन स्नैचर को दिन में तारे दिखा दिए. मां-बेटी ने दिलेरी दिखाते हुए इस चेन स्नैचर को इस तरह से पकड़ा कि चोर लाख कोशिशों के बावजूद पकड़ से आजाद नहीं हो सका. दोनों की बहादुरी से चेन स्नैचर पकड़ा गया.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक ये घटना 30 अगस्त की है. चेन स्नैचिंग की ये पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में दिख रहा है कि मां-बेटी एक रिक्शा से उतर रही हैं. दोनों जैसे ही रिक्शा से उतरती हैं, दो बाइक सवार वहां पहुंच जाते हैं. बाइक पर पीछे बैठा शख्स एक झटके में महिला के गले से चेन छीन लेता है. ऐन मौके पर लोग घबरा जाते हैं और चीखने-चिल्लाने लगते हैं. लेकिन इस महिला और उसकी बेटी ने बिना धैर्य खोये तेजी से चेन स्नैचर को पकड़ लिया.

इस बीच बाइक चला रहा दूसरा शख्स वहां से भागने की कोशिश करता है, लेकिन उसका बैलेंस बिगड़ जाता है. बाइक गिर जाती है, और उसे चला रहा शख्स भाग जाता है. तब तक मां-बेटी दोनों ही झपटमार को पकड़े रहते हैं. झपटमार पर महिला की पकड़ इतनी मजबूत थी कि वो पूरी कोशिश के बावजूद अपना हाथ नहीं छुड़ा पाया. इस बीच सड़क पर चल रहा एक और शख्स मां-बेटी की मदद के लिए आ जाता है और झपटमार पर टूट पड़ता है.

इस दौरान हेलमेट पहना झपटमार भागने की पूरी कोशिश करता है, लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाता है. तभी वहां से गुजर रही एक कार से तीन चार लोग उतरते हैं और झपटमार को लात-घूसों की बौछार कर देते हैं. महिला की बेटी मौका-ए-वारदात पर पड़ी चेन को उठा लेती है. रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस अब इस बहादुर महिला को सम्मानित करने जा रही है. फिलहाल आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस अब चेन स्नैचर के दूसरे साथी को तलाश रही है.