Home खास खबर रतनपुर हाई स्कूल में शिक्षक सुरेश कश्यप को सेवानिवृत्ति पर दी गई...

रतनपुर हाई स्कूल में शिक्षक सुरेश कश्यप को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रतनपुर- रतनपुर हाई स्कूल में लंबे सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक सुरेश कश्यप को आज एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। शहीद नूतन सोनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनपुर के समस्त शिक्षकों और शाला विकास समिति ने मिलकर यह आयोजन किया।

सुरेश कश्यप रतनपुर के मूल निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी इसी कस्बे में हुई और जिस स्कूल से उन्होंने पढ़ाई की, उसी स्कूल में उन्हें शिक्षक के रूप में सेवा देने का अवसर मिला। 62 वर्ष की आयु में सुरेश कश्यप ने उसी विद्यालय से सेवानिवृत्ति ली। अपने साधारण और सहज व्यक्तित्व के कारण वे सभी के प्रिय रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा, “बेदाग छवि के साथ एक ही विद्यालय में पूरा सेवाकाल बिताना और उसी स्कूल से सेवानिवृत्त होना वास्तव में दुर्लभ उदाहरण है। सुरेश कश्यप जी का योगदान इस स्कूल को हमेशा स्मरण रहेगा।”

शिक्षक लक्ष्मी कश्यप ने कहा कि सुरेश कश्यप का मार्गदर्शन आगे भी स्कूल और छात्रों को मिलता रहेगा। कार्यक्रम में वासित अली, चंद्रशेखर दुबे, दिनेश प्रभाकर, प्राचार्य के एल फरवी और अन्य शिक्षकों ने भी उनके सेवा काल को याद किया और उनकी सरलता व निष्ठा की सराहना की।

अपने संबोधन में सुरेश कश्यप ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पल उनके लिए सदा स्मरणीय रहेगा। समारोह के अंत में गाजे-बाजे के साथ उन्हें स्कूल से विदाई दी गई और उनके निवास तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप, शाला विकास समिति सदस्य लक्ष्मी प्रसाद कश्यप, वासित अली, दिनेश प्रभाकर, चंद्रशेखर दुबे, पार्षद हर्ष पटेल, प्राचार्य के एल फरवी, राजेश सोनी, सत्येंद्र सर, विजय कश्यप, राहुल कश्यप, उदल यादव और विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।