Home छत्तीसगढ़ जल जीवन मिशन से ग्राम रोड़ा के 116 परिवारों को पानी की...

जल जीवन मिशन से ग्राम रोड़ा के 116 परिवारों को पानी की चिंता से मिली मुक्ति

0
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर,

जल जीवन मिशन से महासमुंद जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत आमाकोनी के आश्रित ग्राम रोड़ा में ग्रामीणों के जीवन में खुशहाली आया है। गांव के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से अब ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज जाने और समय एवं श्रम खर्च करने की परेशानी से राहत मिली है। ग्राम रोड़ा को 22 फरवरी 2026 को हर घर जल प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ।

 

ग्राम रोड़ा में कुल 116 परिवार निवास करते हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी परिवारों के घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया है। योजना के तहत 60.08 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण तथा 1,565 मीटर पाइपलाइन का विस्तार किया गया है। जलागार से पाइपलाइन के माध्यम से गांव के सभी घरों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जा रही है।

 

जल जीवन मिशन के तहत गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र को भी नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। इससे बच्चों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है तथा हाथ धोने और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। योजना के सुचारू संचालन एवं रखरखाव के लिए गांव में स्थानीय स्तर पर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पंप ऑपरेटर अशोक बघेल को नियमित जलापूर्ति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक में खोला गया है। जल व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए प्रति कनेक्शन 60 रुपये जलकर लेने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भविष्य में योजना के रखरखाव के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। ग्राम रोड़ा में जल जीवन मिशन की सफलता में ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण रही है। सरपंच श्रीमती मीरा दीवान एवं सचिव श्री रिकी राम ढीढी के मार्गदर्शन में जल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

ग्राम रोड़ा की स्कूली छात्रा कुमारी हेमलता ठाकुर बताती हैं कि पहले घर में नल से पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण परिवार को पानी की व्यवस्था के लिए काफी समय और मेहनत करनी पड़ती थी। पानी लाने में लगने वाले समय का असर परिवार के दैनिक जीवन और उनकी पढ़ाई पर भी पड़ता था। अब घर में ही नल से पानी उपलब्ध होने से पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो गई है और अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पा रही हूं।