नम आंखों से दी गणेश जी को विदाई, ‘आप मत जाओ ना बप्पा’ कहकर रो पड़ीं रिद्धि-सिद्धि

11 दिनों तक मोहल्ले में गूंजती रही भक्ति की धुन, श्रीराम प्रभात फेरी के साथ हुआ पूजा-अर्चना का आयोजन

मुंगेली। शिवाजी वार्ड निवासी लाला राम जायसवाल संतोष जायसवाल के घर में लगातार 26-27 वर्षों से भगवान श्रीगणेश की स्थापना की जा रही है। इस वर्ष भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा विराजित की गई थी। 11 दिनों तक घर और मोहल्ले में श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल बना रहा। प्रतिदिन पूजा-अर्चना के साथ श्रीराम प्रभात फेरी के माध्यम से भी भगवान गणेश की आराधना की गई।
शनिवार को गणेश प्रतिमा के विसर्जन के दौरान माहौल भावुक हो गया। विसर्जन से पहले लाला राम जायसवाल की बेटियां रिद्धि और सिद्धि भगवान गणेश की प्रतिमा को गले लगाकर भावुक हो गईं। दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े और वे गणेश जी को गले लगाकर कहने लगीं— “आप मत जाओ ना…बप्पा”। बेटियों का यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ गणेश जी की प्रतिमा को विसर्जन यात्रा के रूप में लेकर आगर नदी पहुंचाया, जहां विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश का विसर्जन किया गया।
लगातार कई वर्षों से गणेश जी की स्थापना और 11 दिनों तक सामूहिक पूजा-अर्चना के चलते इस आयोजन से परिवार के साथ-साथ मोहल्लेवासियों की भी गहरी आस्था जुड़ गई है। विसर्जन के समय श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष भगवान गणेश के पुनः आगमन की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी।



