बलरामपुर : सेवा सेतु शिविर करौंधा में विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी, 32 आवेदनों में से 30 का मौके पर निराकरण
सेवा सेतु शिविर करौंधा में विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी, 32 आवेदनों में से 30 का मौके पर निराकरण
बलरामपुर, 02 अक्टूबर 2026/
सेवा सेतु अभियान 2026 के तहत विगत दिवस जनपद पंचायत कुसमी के ग्राम पंचायत करौंधा में शिविर आयोजित किया गया। सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा की उपस्थिति में हुए इस शिविर में क्लस्टर की 11 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों ने स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 का मौके पर ही निराकरण किया गया और 02 आवेदनों के समाधान के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विधायक श्रीमती पैकरा ने 03 हितग्राहियों को नए आवास का स्वीकृति पत्र प्रदान किया तथा आवास निर्माण पूर्ण कर चुके 02 हितग्राहियों को गृह प्रवेश के लिए चाबी सौंपी। अपने पक्के घर की चाबी हाथ में पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके साथ ही 15 हितग्राहियों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।



