Home छत्तीसगढ़ रायपुर में स्पीड का कहर दो युवकों की हुई मौत ट्रक के...

रायपुर में स्पीड का कहर दो युवकों की हुई मौत ट्रक के नीचे आ कर

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003

रायपुर में हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार में स्कूटी चला रहे दो युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़े। सिर पर आई गंभीर चोटों की वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस की टीम को खबर दी। इसके बाद घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों तक पहुंची। हादसे की जांच धरसींवा इलाके की पुलिस कर रही है।

मामला सिलतरा इलाके का है। गुरुवार सुबह रायपुर से बिलासपुर को जोड़ने वाली सड़क पर दिलबाग ढाबा के पास फ्लाईओवर पर ट्रक खड़ा था। जिससे जाकर स्कूटर सवार युवक टकरा गए। लड़कों के स्कूटर की रफ्तार इतनी थी कि स्कूटर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक के ट्रेलर के पिछले हिस्से से युवक टकरा गए। दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला। सिर फट पड़ा और दोनों की जान चली गई। सड़क पर दूर तक दोनों का खून बिखरा हुआ था।

सीएसपी आकाश राव गिरिपुंजे ने बताया कि मारे गए दो युवकों में एक का नाम मनीष देवांगन (23) है जो चंगोराभाटा इलाके का रहने वाला है। दूसरा युवक नीतीश आगरकर (22) गुढ़ियारी इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक लापरवाह ढंग से ट्रक को सड़क पर ही पार्क करने की वजह से यह हादसा हुआ।

काम पर गए थे बेटे
मनीष और नीतीश दोनों दोस्त थे। पिछले कुछ समय से एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे थे। रायपुर से 2 दिन पहले दोनों काम के सिलसिले में बिलासपुर गए हुए थे। घरवाले दोनों की राह देख रहे थे मगर अब परिजनों को बेटों की लाश सौंपी गई है। नीतीश के भाई योगेश ने बताया कि काम खत्म होने के बाद छोटे भाई नीतीश ने उसे फोन किया था और कहा था कि वह गुरुवार की सुबह लौट आएगा, मगर पुलिस वालों ने हमें उसकी मौत की खबर दी।