रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : बस्तर में सेवा, सम्मान और स्वरोजगार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा ग्रामीणों तक
लामकेर में 21 ग्राम पंचायतों का वृहद ‘सेवा सेतु’ शिविर, 375 आवेदनों का हुआ मौके पर निराकरण
प्रधानमंत्री आवास के 11 हितग्राहियों को मिली घर की चाबी, स्व-सहायता समूहों को 11 लाख रुपए का बैंक लिंकेज
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठजनों का सम्मान, युवाओं को स्टार्ट-अप और स्वरोजगार से जुड़ने की मिली प्रेरणा
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ सेवा, सम्मान, शिक्षा, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बस्तर विकासखंड के ग्राम लामकेर में 21 ग्राम पंचायतों का वृहद संयुक्त ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया और आईटीआई भानपुरी में युवाओं को स्टार्ट-अप, नवाचार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
*बस्तर सांसद सात स्कूलों की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें की प्रदान*
ग्राम लामकेर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 405 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 375 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत क्षेत्र के सात स्कूलों की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान कीं। स्कूली बच्चों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े चकवा, लामकेर, परचनपाल और महुपाल बरई क्षेत्र के 11 हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 8 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र तथा 10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
राजस्व एवं कृषि से जुड़ी सेवाओं के तहत 8 ग्रामीणों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख और 5 किसानों को डिजिटल किसान किताब दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। कृषि विभाग ने फसल बीमा एवं क्षतिपूर्ति से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से लामकेर के दो स्व-सहायता समूहों को क्रमशः 6 लाख और 5 लाख रुपए के बैंक लिंकेज चेक प्रदान किए गए।
सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना आवश्यक है और सेवा सेतु शिविर इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने हाल में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत एवं पुनर्वास योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा पात्र परिवारों को सहायता से वंचित नहीं रहने देने पर जोर दिया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
*वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का संदेश*
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर धरमपुरा स्थित ‘आस्था निकुंज’ वृद्धाश्रम में समाज कल्याण विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद श्री महेश कश्यप ने अपना जन्मदिन वरिष्ठजनों के बीच सादगी से मनाते हुए उन्हें फूल-माला पहनाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया।
श्री कश्यप ने कहा कि माता-पिता और बुजुर्ग परिवार की अनमोल धरोहर हैं। वृद्धजन दिवस केवल वृद्धाश्रमों तक सीमित न रहकर घरों में भी माता-पिता की सेवा, आदर और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। महापौर श्री संजय पांडे ने भी वरिष्ठजनों के अनुभव और संस्कारों को नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए परिवारों से बुजुर्गों को समय और आत्मीयता देने का आग्रह किया।
*युवाओं को स्टार्ट-अप और स्वरोजगार की जानकारी*
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जगदलपुर द्वारा आईटीआई भानपुरी में एक दिवसीय स्टार्ट-अप एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षणरत छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार, नवाचार, उद्यमिता, नए उद्योगों की स्थापना और शासन द्वारा उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी दी गई।
सहायक प्रबंधक श्री प्रफुल्ल कुमार लाखन ने विद्यार्थियों को स्टार्ट-अप योजनाओं और व्यावसायिक विचारों को उद्यम में बदलने के संबंध में जानकारी दी। वरिष्ठ प्रबंधक उद्योग श्री लोकेश कुमार खापर्डे ने विभागीय योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली छूट, रियायत और प्रोत्साहनों के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बस्तर जिले में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से एक ओर ग्रामीणों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है, वहीं वरिष्ठजनों के सम्मान, बेटियों की शिक्षा, महिला स्व-सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण तथा युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है।



