Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में खतरा बरकरार:प्रदेश भर में केवल 24 हजार टेस्ट में भी...

छत्तीसगढ़ में खतरा बरकरार:प्रदेश भर में केवल 24 हजार टेस्ट में भी कोरोना के 305 मामले, पांच मरीजों की मौत भी

All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0004
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0001
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0002
All PDF Reader 20260626 00.30.11_page-0003
IMG-20240704-WA0019
IMG-20220701-WA0004
WhatsApp-Image-2022-08-01-at-12.15.40-PM
1658178730682
WhatsApp-Image-2024-08-18-at-1.51.50-PM

रायपुर– छत्तीसगढ़ में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर जरूर पड़ी है, लेकिन खतरा बरकरार है। पिछले 15 दिन से लगातार घट-बढ़ रहे आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश भर में कोरोना के केवल 24 हजार 806 नमूनों की जांच हुई। इसी दौरान कुल 305 लोग संक्रमित पाए गए। इन्हीं 24 घंटाें में पांच मरीजों की मौत भी हुई है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को चार जिलों में पांच मरीजों की मौत हुई है। मरने वालों में सूरजपुर जिले में दो और सरगुजा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर के एक-एक मरीज शामिल हैं। मौतों का यह आंकड़ा चिंताजनक है। जून महीने के आखिरी दो दिन प्रदेश भर में केवल एक-एक मरीज की मौत हुई थी। वहीं जुलाई महीने के पहले दिन 6 और दूसरे दिन 5 मरीजों की जान चली गई। एक जुलाई को प्रदेश भर में 33 हजार 662 नमूनों की जांच हुई थी। उस दिन 410 मरीज मिले थे। यह पिछले एक सप्ताह में रोजाना मिल रहे मरीजों की सर्वाधिक संख्या थी। गुरुवार को प्रदेश भर में 6 मरीजों की मौत भी हुई थी। पिछले महीने की आखिरी तारीख यानी 30 जून को 36 हजार 776 नमूनों की जांच की गई। इसमें 403 लोग पॉजिटिव मिले थे। इस बढ़त की वजह से केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को उन छह राज्यों में शुमार किया है जहां कोरोना के मामले फिर बढ़ रहे हैं। इस पर निगरानी के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक टीमें छत्तीसगढ़ पहुंच रही हैं। प्रदेश में अभी 5 हजार 620 मरीजों की उपचार जारी है।

एक सप्ताह में ऐसा रहा है संक्रमण

पिछले सप्ताह की शुरुआत यानी 25 जून को प्रदेश में 293 नए संक्रमित मिले थे। 26 जून को यह संख्या 361 थी और 27 जून को 244। 28 जून को 405 नए मरीज मिले और 29 जून को 383। 30 जून को 403 मरीज मिले और एक जुलाई को यह संख्या 410 तक जा पहुंची।

पिछले महीने एक दिन में सर्वाधिक 1886 मरीज मिले थे

पिछले महीने यानी जून में एक दिन में सबसे अधिक 1 हजार 886 मरीज एक तारीख को सामने आए थे। उसके बाद से इनकी संख्या में लगातार गिरावट देखी गई है। महीने के आखिरी सप्ताह में यह संख्या लगभग स्थिर हो गई है। जून महीने में सबसे कम मरीज 27 जून को मिले थे। उस दिन नए मरीजों की संख्या केवल 244 थी। हालांकि उस दिन होने वाले टेस्ट की संख्या भी सामान्य दिनों में हो रहे टेस्ट से कम थी।

रायपुर-मुंगेली में घटा तो दुर्ग-धमतरी और जांजगीर-चांपा में बढ़े केस

पिछले दो दिनों के आंकड़ों की तुलना करें तो नए संकेत सामने आते हैं। रायपुर जिले मेें एक जुलाई को 24 नए मरीज मिले थे। वहीं 2 जुलाई को यहां केवल 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। वहीं मुंगेली में यह संख्या 19 से घटकर केवल 2 रह गई। इसी बीच दुर्ग में मरीजों की संख्या 10 से 19 हो गई। धमतरी में यह 10 से 15 हुई है। वहीं जांजगीर-चांपा जिले में 26 से 34 मरीज तक पहुंच गई है। रायगढ़ में 7 से अचानक बढ़कर संख्या 19 हो गई है।

बस्तर में हालात अभी भी चिंताजनक

इस बीच बस्तर संभाग के जिलों में रोज मिल रहे मरीजों की संख्या कम हुई है, लेकिन हालात चिंताजनक बने हुए हैं। बस्तर जिले में एक जुलाई को जहां 32 नए मरीज मिले थे, वहीं 2 जुलाई को 26 लोग ही पॉजिटिव मिले। कोण्डागांव में दोनों दिन 8-8 मरीज मिले। दंतेवाड़ा में संख्या 26 से घटकर 12 हो गई है। सुकमा में 32 से घटकर 29 और नारायणपुर में 7 से घटकर 6 हो गई है। बीजापुर में एक जुलाई को 70 मरीज मिले थे वहीं 2 जुलाई को केवल 39 लोग पॉजिटिव मिले। केवल कांकेर जिले में मरीजों की संख्या 12 से बढ़कर 15 हुई है।